गंभीर मरीजों को समय से अस्पताल पहुंचाने में एंबुलेंस सेवा अब और मुस्तैदी से काम करेगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग को छह नई एंबुलेंस मिली है। पुराने और खटारा हो चुके वाहनों की जगह इसका इस्तेमाल किया जाएगा। शनिवार को नई एंबुलेंस को डीएम ने कलेक्ट्रेट से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में 102 सेवा की 21 और 108 सेवा की 24 एंबुलेंस हैं। काफी पुरानी हाेने के चलते कई वाहनों को समय से मरीजों तक पहुंचने और उन्हें अस्पताल लाने में देरी होती है। कई बार यह वाहन खराब हाेने के कारण मंजिल तक नहीं पहुंच पाते।
उनके उपकरणों में भी दिक्कतें आने लगी हैं। महंगे मेंटनेंस को देखते हुए विभाग ने 108 सेवा की 11 और 102 सेवा की 15 एंबुलेंस को बदलने का निर्णय लिया है। इसी के तहत छह एंबुलेंस की पहली खेप जिले को मिली है। पुराने वाहनों की अपेक्षा आधुनिक सुविधाओं से लैस नए एंबुलेंस से मरीजों को बेहतर प्राथमिक उपचार मुहैया कराना आसान होगा।
कलेक्ट्रेट परिसर से डीएम बद्रीनाथ सिंह ने नई एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर एसपी अशोक कुमार मीणा, सीडीओ जागृति अवस्थी, सीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार, एसीएमओ डॉ. आरजी यादव, एडीआईओ विनय सिंह, एंबुलेंस सेवा के जिला प्रभारी आकाश गौरव, एखलाख बेग आदि मौजूद रहे।