थाना जुगैल क्षेत्र के घटिहटा टोला खेवंधा गांव से दो दिन पहले लापता हुई तीन नाबालिग किशोरियों को पुलिस ने शनिवार को सकुशल बरामद किया है। तीनों रिजल्ट लेने की बात कह घर से निकली थीं, मगर उसके बाद से लापता थीं। तीनों को पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया।
ग्राम घटिहटा टोला खेवंधा निवासी एक व्यक्ति ने जुगैल थाने में तहरीर दी थी कि उसकी बेटी (16) समेत दो अन्य लड़कियां (16 व 8 वर्ष) तीन अप्रैल को घर से दोपहर करीब दो बजे गांव गोठानी स्थित स्कूल में रिजल्ट लेने की बात कहकर निकली थीं।
देर रात तक घर वापस नहीं लौटीं। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लड़कियों की तलाश शुरू कर दी। प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून के नेतृत्व में जुगैल पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए जांच का दायरा बढ़ाया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीनों को चोपन थाना क्षेत्र के सिंदुरिया बाजार से खोज लिया।
पूछताछ के बाद पुलिस ने तीनों बच्चियों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून ने बताया कि बच्चियों की गुमशुदगी की सूचना मिलते ही मामला दर्ज कर टीम गठित की गई थी। सभी सुरक्षित थीं।