रॉबर्ट्सगंज में धर्मशाला रोड पर भरा बारिश का पानी। संवाद
सोनभद्र। जिले में रविवार की रात बारिश आफत बनकर बरसी। रात नौ बजे से सुबह छह बजे के बीच नौ घंटे में कुल 253 मिमी वर्षा (औसत 63.75 मिमी) दर्ज की गई। यह इस सीजन में एक दिन में हुई सबसे ज्यादा वर्षा का रिकॉर्ड है। भारी बारिश में जलनिकासी के इंतजाम बह गए। ग्रामीण क्षेत्रों में कहीं संपर्क मार्ग कट गया तो कई जगह पुलिया, रपटा बहने से ग्रामीणों का आवागमन ठप हो गया। रॉबर्ट्सगंज, ओबरा, रेणुकूट के नगरीय इलाकों में कई मकान-दुकान में पानी घुसने से रहवासियों को फजीहत झेलनी पड़ी। जगह-जगह कच्चे मकान ढहने से परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए।
मौसम विभाग की ओर से 13 से 16 अगस्त के बीच भारी वर्षा का अलर्ट पहले ही जारी किया गया था। हालांकि रविवार को दिन तक मौसम सामान्य बना रहा। देर शाम से मौसम में बदलाव हुआ। पहले कुछ देर तक गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हुई। फिर रात नौ बजे से मूसलाधार बारिश का सिलसिला शुरू हुआ, जो रुक-रुक कर पूरी रात जारी रही। सुबह छह बजे तक हुई बारिश के चलते रॉबर्ट्सगंज के धर्मशाला चौक से मेन रोड, सिनेमा हाल रोड, नई बस्ती, उत्तर मोहाल, न्यू कॉलोनी, अंबेडकरनगर, मंडी मोहाल, इमरती कॉलोनी, बढ़ौली सहित अन्य क्षेत्रों में पानी भर गया। जलनिकासी के लिए बने नाले-नालियाें का पानी ओवरफ्लो कर सड़कों पर फैल गया। सुबह लोगों को घर से बाहर निकलने में फजीहत उठानी पड़ी। कुछ ऐसी ही स्थिति रेणुकूट, ओबरा नगर क्षेत्र के भी कई मोहल्लों में नजर आया। दुकान, मकान के अंदर पानी घुसने से लोग परेशान रहे और नगर निकायों के जिम्मेदारों को कोसते दिखे। मौसम विज्ञान केंद्र चुर्क के प्रेक्षक राजन सिंह ने बताया कि महज नौ घंटे में रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई है। यह इस सीजन में अब तक की सबसे ज्यादा बारिश है। अगले दो दिनों तक भी बारिश के आसार बने हुए हैं।
खतरे के निशान से तीन मीटर दूर सोन नदी
भारी बारिश के चलते जिले में स्थित बांधों के जलस्तर में वृद्धि हुई है तो सोन नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। चोपन में घाट पर सोन नदी के खतरे का निशान 171 मीटर है। सोमवार की सुबह नदी का जलस्तर 167.66 मीटर दर्ज किया गया। नदी खतरे के निशान से महज तीन मीटर दूर है। हालांकि बारिश के बाद जिस तेजी से नदी में पानी आ रहा है, उसे देखते हुए तटवर्ती इलाकों में रहवासियों को सतर्क कर दिया गया है।