कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी में प्रमाण पत्र देते सांसद पकौड़ीलाल कोल।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक सेवा आयोग से चयनित आयुष विभाग के 1065 चयनित चिकित्साधिकारियों का नियुक्ति पत्र सोमवार को वर्चुअल माध्यम से वितरित किया। इसके साथ 142 योग वेलनेस सेंटरों का भी उद्घाटन किया। उन्होंने वीसी के माध्यम से नव नियुक्त चिकित्साधिकारियों को शुभकामना देते हुए कहा कि टेलीमेडिसिन के साथ ही आयुष को जोड़ा जाना बेहतर कार्य है। उन्होंने योग व व्यायाम पर विस्तार से जानकारी देते हुए हेल्थ्य टूरिज्म को बढ़ावा देने को कहा।
एनआईसी सोनभद्र में मुख्यमंत्री के वर्चुअल नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में नवनियुक्त 1065 के सापेक्ष सोनभद्र जिले के लिए चयनित 23 आयुर्वेद एवं होमियोपैथ चिकित्साधिकारियों का नियुक्ति-पत्र मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अमित पाल शर्मा, सांसद पकौड़ी लाल कोल, विधायक सदर भूपेश चौबे, विधायक घोरावल डॉ. अनिल कुमार मौर्या ने प्रदान करते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की। इस मौके पर डीडीओ रामबाबू त्रिपाठी, जिला होमियोपैथ अधिकारी डॉ. संतोष कुमार सोनी, नव नियुक्त आयुष चिकित्साधिकारी, सूचना विज्ञान अधिकारी एके गुप्ता आदि मौजूद रहे।