सोनभद्र। लोकसभा चुनाव के लिए जिले में 1475 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। प्रत्येक बूथों पर वोटिंग के दौरान चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रहेगी। जरूरत पड़ने पर चुनाव कर्मियों एवं मतदाताओं का प्राथमिक उपचार होगा। सीएमओ डॉ. एसपी सिंह ने सभी सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों से बूथों की सूची मांगी है।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला प्रशासन लोकसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। मतदान के लिए 937 मतदान केंद्र और 1475 मतदेय स्थल बनाया गया है। इन बूथों पर 1324989 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। महिला मतदाता छह लाख नौ हजार 495 और पुरुष मतदाता सात लाख 15 हजार 450 हैं। थर्ड जेंडर 44 है और अभी तक 33970 मतदाताओं के नाम बढ़ा है और 16825 लोगों का मतदाता सूची से नाम काटा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने वोटिंग के दौरान सभी बूथों पर प्राथमिक उपचार के लिए दवाएं में मतदान कर्मियों को मेडिकल किट मुहैया कराएगा। इसमें दर्द, बुखार, पेचिश आदि की दवाएं होंगी। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसपी सिंह ने कहा कि सभी मतदान अधिकारियों को मेडिकल किट मुहैया कराया जाएगा। ताकि जरूरत पड़ने पर मतदानकर्मी और वोटरों का प्राथमिक उपचार हो सकें। कहा कि सभी सीएचसी और पीएचसी प्रभारियों से उनके क्षेत्र में कितने मतदेय स्थल हैं, इसकी रिपोर्ट तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर मेडिकल किट तैयार कराया जाएगा। जिस दिन पोलिंग पार्टिंयां बूथों के लिए रवाना होंगी, उसी दिन पीठासीन अधिकारियों को मेडिकल किट उपलब्ध करा दिया जाएगा।