अनपरा । नार्दर्न कोल फील्ड्स लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) प्रभात कुमार सिन्हा को प्रतिष्ठित इंडियन चेंबर ऑफ कामर्स पीएसई एक्सिलेंस अवार्ड से नवाजा गया है। राष्ट्र की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई दिलाने में उत्कृष्ट योगदान के लिए नई दिल्ली में बीते बुधवार को दिया गया।
दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में एनसीएल के मुख्य प्रबंधक (वित्त) डी मेहरा ने सीएमडी की ओर से भारत सरकार के पूर्व वाणिज्य एवं उद्योग सचिव डा. अजय दुआ के हाथों यह सम्मान हासिल किया। ओपनकास्ट एवं अंडरग्राउंड कोल माइनिंग के क्षेत्र में बतौर माइनिंग इंजीनियर 36 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले सिन्हा ने दिसंबर 2017 में एनसीएल में बतौर सीएमडी कार्यभार संभाला और तब से लेकर अब तक उनके नेतृत्व में कंपनी कामयाबी के कई नए शिखर छू चुकी है। उनके नेतृत्व में एनसीएल ने पिछले वित्त वर्ष 2017-18 में 93.01 मिलियन टन कोयला उत्पादन एवं 96.73 मिलियन टन कोयला प्रेषण किया, जो न सिर्फ निर्धारित लक्ष्य से अधिक रहा, बल्कि यह कंपनी के इतिहास में कोयला उत्पादन और प्रेषण का रिकार्ड है। चालू वित्त वर्ष में एनसीएल ने 100 मिलियन टन कोयला उत्पादन एवं 100.50 मिलियन टन कोयला प्रेषण का लक्ष्य लिया है, जो कंपनी का अब तक का सबसे बड़ा लक्ष्य है। बता दें कि साउथ ईस्टर्न कोल फील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) में बतौर निदेशक तकनीकी परियोजना एवं योजना के पद पर रहते हुए सिन्हा को राष्ट्रपति से राष्ट्रीय खान सुरक्षा पुरस्कार प्राप्त हो चुका है।