सोनभद्र (ओबरा)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में थाना के निर्माण को लेकर छात्रों ने विरोध शुरू कर दिया है। गुरुवार को छात्रों के प्रतिनिधिमंडल ने महाविद्यालय के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा और चेताया कि यदि कालेज परिसर में थाने का निर्माण शुरू हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। परियोजना निगम प्रशासन की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कालेज छात्रसंघ महामंत्री अनिकेत श्रीवास्तव के नेतृतव में छात्रों का प्रतिनिधिमंडल प्राचार्य से मिला। छात्रों ने कालेज परिसर के अंदर इंजीनियरिंग, मेडिकल, बीएड, बीपीएड कालेज खोलने की मांग की। अनिकेत ने कहा कि परिसर में थाना खुलने से आसपास अपराधियों, दलालों, नेताओं का सदैव जमावड़ा लगा रहेगा, जिससे छात्र-छात्राओं के जीवन शैली पर बुरा प्रभाव पड़ेगा। निगम प्रशासन के पास बहुत जमीन खाली है, वहां पर थाना खोला जाए। यदि मांगों की अनदेखी की गई तो आंदोलन किया जाएगा। छात्रसंघ के पुस्तकालय मंत्री कुमार सौरभ सिंह ने कहा कि थाना बनने से छात्र-छात्राओं की उच्च शिक्षा के आयाम पर ग्रहण लग जाएगा। थाने के लिए शिक्षा के मंदिर का चयन करके छात्र हितों का हनन किया जा रहा है। ज्ञापन सौंपने में अखिलेश कुमार यादव, परमेंद्र कुमार, शुभम सिंह पटेल, नसीरुद्दीन, दिनेश पटेल, सौरभ सिन्हा, सचिन मौर्य, सूरज राव, आदित्य, सौरभ चतुर्वेदी, आकाश कुमार, रविंद्र, अनिल भारती, रामसकल, धर्मेंद्र कुमार, प्रेम कुमार, शुभम मिश्रा शामिल रहे।