सोनभद्र (विंढमगंज)। दुद्धी ब्लॉक के केवाल ग्राम पंचायत में 25केवीए का ट्रांसफार्मर एक वर्ष में दस बार जलने से ग्रामीणों में असंतोष है। एक माह से जले ट्रांसफार्मर की अब तक मरम्मत न होने से क्षुब्ध लोगों ने गांव में प्रदर्शन किया। नया ट्रांसफार्मर लगवाने और उसकी क्षमता बढ़वाने की मांग की।
प्रदर्शन के बाद ग्राम प्रधान बोधाराम ने बताया कि जले ट्रांसफार्मर पर करीब 70 घरों का बिजली कनेक्शन दिया गया है, जो ओवर लोड होने के कारण जल जा रहा है। रामचंद्र राम ने कहा कि 25 केवीए का ट्रांसफार्मर पर ज्यादा कनेक्शन हो जाने के कारण ट्रांसफार्मर जलने की शिकायत बीते एक वर्षों से बिजली विभाग के जेई व एसडीओ से बार-बार की जा रही है। मांग की गई है कि उसकी क्षमता बढ़ाकर 50 केवीए की जाए लेकिन अब तक किसी अफसर ने समस्या नहीं सुनी। ग्रामीणों का आरोप है कि वे एक वर्ष से बिजली का उपयोग नहीं के बराबर कर पा रहे हैं और बिल पूरा-पूरा भर रहे हैं। ग्रामीणों ने डीएम से कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में राजकुमार, अशोक राम, नरेश राम, बालेश्वर राम, रवि राम, उमेश राम, बृजेश राम, अंशु गुप्ता, नारायण गुप्ता, अवधेश यादव सत्यनारायण, धर्मेंद्र शामिल रहे।