सोनभद्र। राजस्व कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें डीएम ने मानक के मुताबिक वसूली के लक्ष्य को पूरा करने और तहसील स्तरों पर 10-10 बड़े बकायेदारों पर वसूली की कार्रवाई का निर्देश दिया। कहा, आरसी का नियमित मिलान कराने के साथ ही सरकारी जमीनों को सुरक्षित करते हुए जन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित की जाए। डीएम ने एसडीएम व तहसीलदारों के साथ ही खनन विभाग, आबकारी विभाग के अधिकारियों को भी इस पर त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।
समीक्षा बैठक में कर करत्तेर, मुख्य देयों एवं विविध देयों की वसूली की समीक्षा करते हुए कहा कि राजस्व विभाग के विविध देयों के सभी मदों के वसूली लक्ष्य के सापेक्ष एसडीएम व तहसीलदार पूरा करेें। उन्होंने एडीएम उमाकांत त्रिपाठी को निर्देश दिया कि वे राजस्व वसूली की नियमित समीक्षा करें और वसूली में रूचि न लेने वाले अमीनों के खिलाफ कार्रवाई करें। बैठक में सीडीओ रामाश्रय, डिप्टी कलेक्टर अशोक सिंह यादव, राज कुमार, एसडीएम सदर विशाल यादव, घोरावल शादाब असलम, दुद्धी भानु प्रताप सिंह, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी मधुसूदन दूबे मौजूद रहे।