सोनभद्र (विंढमगंज)। दुद्धी ब्लॉक के धरतीडोलवा ग्राम पंचायत में प्राथमिक विद्यालय द्वितीय पर गुरुवार को कुंडली योजना में गड़बड़ी पर ग्रामीणों एवं छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे एसडीआई मुकेश कुमार ने लोगों की समस्याओं को सुनने के बाद विद्यालय प्रभारी को दूसरे विद्यालय में भेजने के साथ ही विद्यालय के हेडमास्टर को वित्तीय अधिकार सौंपने एवं तीन सदस्यीय कमेटी बनाकर मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद मामला शांत हो गया।
ग्रामीणों का आरोप था कि विद्यालय के प्रभारी अध्यापक के जरिए मध्याह्न भोजन में काफी गोलमाल किया जा रहा है, जिसकी जांच करायी जाए। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुरेंद्र पासवान ने कहा कि प्रभारी अध्यापक किसी भी बात को नहीं सुनते हैं। मौके पर पहुंचे एसडीआई मुकेश कुमार ने कहा कि प्रभारी अध्यापक को यहां से हटाया जा रहा है, तथा इनके अनियमित कार्यों की जांच कराई जाएगी। जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई गई है, जिसमें नीरज कुमार, संतोष कुमार सिंह और राजकमल यादव को जांच का दायित्व दिया गया है। कहा कि तब तक के लिए धरतीडोलवा प्राइमरी विद्यालय प्रथम के हेडमास्टर मनोज कुमार गुप्ता को मध्यान भोजन के वित्तीय अधिकार को दिया जा रहा है। उन्हीं के नेतृत्व में ही मध्याह्न भोजन बनवाया जाएगा। इस आश्वासन पर ग्रामीण शांत हो गए। राम पासवान, सुरेंद्र पासवान, रामू पासवान, घनश्याम, दीनानाथ पासवान आदि शामिल रहे।