सोनभद्र। उच्च प्राथमिक अनुदेशक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के आह्वान पर सोमवार को कार्य बहिष्कार कर जिला मुख्यालय पर अनुदेशकों ने धरना-प्रदर्शन किया और तीन सूत्री मांगों का ज्ञापन सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय में सौंपा। जिलाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि मांगों को अनुदेशक समय-समय पर सरकार के सामने उठाते रहे, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया।
उन्होंने कहा कि अनुदेशकों को 17 हजार रुपये मानदेय शासनादेश के अनुसार मार्च से दिलाया जाए। क्योंकि यह केंद्र सरकार से पास हो चुका है और धनराशि की प्रथम किस्त भी जारी हो चुकी है। अनुदेशक विनय पांडेय, सोनू पांडेय, संजय सिंह, जलालुद्दीन, प्रतिभा कुशवाहा एवं कंचन कुमारी ने कहा कि नवीनीकारण में छात्र संख्या 100 से अधिक होने की बाध्यता के कारण बेरोजगार हो रहे नौजवानों के भविष्य को देखते हुए नवीनीकरण के छात्र संख्या की बाध्यता को पूर्णतया समाप्त किया जाए। अनुदेशक गायत्री सिंह, शिखा पटेल, रेखा देवी, चंद्रकला एवं शिवांकर ने कहा कि वर्ष 2013 में अनुदेशकों की शुरुआती भर्ती में नियुक्ति के लिए बिना किसी मानक और बिना किसी विकल्प को लिए हुए मनमानी तरीके से गृह ब्लॉकों से सैकड़ों किमी दूर नियुक्त कर दिया गया। ऐसे अनुदेशकों को उनके गृह ब्लॉक में यथा संभव तैनाती दी जाए। प्रदर्शन में केशव प्रसाद, अनीता, सुमन, सबीनबुन निशा, संदीप आदि शामिल रहे।