अनपरा। एक माह से अधिक समय से बंद पांचवीं इकाई को लाइटअप किए एक दिन ही बीता था कि तकनीकी कारणों से तापीय परियोजना अनपरा व लैंको को मिलाकर विद्युत उत्पादन 456 मेगावाट लुढ़क गया। मांग कम होने से हर दिन थर्मल बैकिंग करनी मजबूरी बन गई है।
तापीय परियोजना अनपरा व लैंको से बुधवार को 2323 मेगावाट विद्युत उत्पादन हो रहा था लेकिन गुरुवार की सुबह नौ बजे इन दोनों परियोजनाओं को मिलाकर विद्युत उत्पादन 456 मेगावाट लुढ़क गया। गुरुवार को दोनों परियोजनाओं से 1867 मेगावाट विद्युत उत्पादन हो रहा था। गौरतलब बात यह है कि जुलाई के प्रथम सप्ताह में टरबाइन में खराबी के चलते दोनों परियोजनाओं को मिलाकर विद्युत उत्पादन दो हजार मेगावाट के भीतर ही रहा लेकिन एक अगस्त को पांच सौ मेगावाट की पांचवीं इकाई के उत्पादन पर लिए जाने के बाद दो अगस्त को इन दोनों परियोजनाओं का विद्युत उत्पादन 2323 मेगावाट पहुंच गया था।