सोनभद्र। राबर्ट्सगंज ब्लॉक के लसड़ा गांव में शनिवार को एसडीएम विशाल यादव ने कार्डधारकों का सत्यापन किया। इसके बाद एसडीएम ने कोटे की दूकान, उच्च प्राथमिक विद्यालय एवं स्वास्थ्य उपकेंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उपकेंद्र पर ताला लटकता मिला।
दोपहर करीब एक बजे लसड़ा गांव के वितरण प्रणाली की दूकान पर पहुंचे एसडीएम ने राशन कार्डधारकों से प्रति माह कितना अनाज, केरोसिन मिलता है कि बारे में पूछताछ की। उन्होंने स्टाक रजिस्टर, वितरण रजिस्टर आदि की जांच किया। इसके बाद उच्च प्राथमिक विद्यालय में एसडीएम ने जाकर बच्चों से पठन-पाठन आदि के बारे में जानकारी ली। एसडीएम स्वास्थ्य उपकेेंद्र पर पहुंचे तो वहां ताला बंद मिला। यहां मौजूद कुछ लोगों ने एसडीएम को बताया कि अक्सर ताला बंद रहता है। एसडीएम ने बताया कि जांच में कोटेदार की कार्यप्रणाली की ठीक मिली। स्कूल में 90 बच्चे पंजीकृत थे, जिसमेें 60 बच्चे उपस्थित मिले। उन्होंने बताया कि उपकेंद्र पर ताला बंद मिला। कहा कि संबंधित एएनएम और आशाओं से जवाब तलब किया जाएगा कि किन परिस्थितियों में केंद्र बंद था। कहा कि संतोष जनक जवाब न मिलने पर सीएमओ को लापरवाह स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखापढ़ी की जाएगी।