सोनभद्र। राजस्व और भूमि विवादों के समाधान के लिए जिले के थानों में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन हुआ। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में डीएम बद्रीनाथ सिंह और एसपी अशोक कुमार मीणा ने शिकायतें सुनीं।
यहां कुल 23 प्रार्थना पत्र आए, जिसमें नौ का मौके पर निस्तारण हुआ। अन्य प्रकरणों को संबंधित कर्मियों को जांच के लिए सुपुर्द किया गया। वहीं जिले के सभी थानों कुल 203 प्रार्थना पत्र आए। इसमें से 121 का समाधान किया गया।
डीएम ने राजस्व व पुलिस कर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आपस में समन्वय बनाकर नागरिकों की समस्याओं का निस्तारण गुणवत्ता पूर्ण तरीके से करें।
सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण के मामलों में तत्परता से कार्रवाई करें। कोतवाली में कुल 23 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिसमें से 9 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए राजस्व विभाग व पुलिस विभाग की टीम बनाई गई। इस मौके पर एडीआईओ विनय कुमार सिंह, कोतवाली प्रभारी सतेंद्र कुमार राय आदि मौजूद रहे।
दुद्धी: कोतवाली परिसर में आयोजित थाना समाधान दिवस में कुल 3 मामले आए। सीओ प्रदीप सिंह चंदेल ने सुनवाई करते हुए कहा कि फरियादियों की समस्याओं का मौके पर जाकर समाधान करें ताकि कोई भी विवाद न हो। उन्होंने लेखपालों से भी भूमि संबंधित मामले का निस्तारण पुलिस की मदद से करने के लिए निर्देशित किया।