दुद्धी (सोनभद्र)। पेड़ों पर कील ठोंक कर पोस्टर-बैनर लगाने पर संबंधित के खिलाफ वन विभाग जुर्माना वसूली और मुकदमे की कार्रवाई करेगा। इसके लिए सर्वे भी शुरू हो गया है। जल्द ही ऐसा करने वालों की बड़ी तादाद कार्रवाई की जद में आ सकती है।
वन क्षेत्राधिकारी विजेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि ऐसे लोगों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। क्योंकि पेड़ों में कील ठोंकने से उनके सूखने की स्थिति के साथ नुकसान पहुंचता है। इसको देखते हुए शासन की तरफ से ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके क्रम में दुद्धी, बघाड़ू, विंढमगंज वन रेंज क्षेत्रों के वन दरोगा और वन रक्षकों को सड़क किनारे एवं अन्य क्षेत्रों में पेड़ों कील ठोककर लगाए गए बैनर पोस्टर का एक सप्ताह में सर्वे करने, इसे लगाने वाले व्यक्तियों, संस्थाओं को चिह्नित कर सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।