सोनभद्र। सघन पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को जिले भर में पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह ने मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय परिसर में बने बूथ पर बच्चों दो-दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरूआत किया। डीएम ने कहा कि विभाग के कर्मचारी पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. बीके अग्रवाल ने बताया कि जिले में कुल 1090 बूथ बनाये गए हैं, जहां पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जायेगी। इसके अतिरिक्त बस अड्डों, रेलवे स्टेशन जैसे- भीड़ वाले जगहों पर 40 ट्रांजिट पोलियो बूथ बने हैं। चोपन और सुकृत के खदान क्षेत्रों में काम करने वाले मजदूरों के बच्चों के लिए सात मोबाइल टीमें गठित की गई हैं, जो इन क्षेत्रों में घूम घूम कर बच्चों को पोलियो की दवा पिलायेगी। कुल 323916 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य है। जो बच्चे आज पोलियो की खुराक पीने से छूट जाएंगे उन्हें अगले पांच दिनों तक घर घर जाकर पोलियो की खुराक दी जायेगी। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसपी सिंह, डॉ. राम कुंवर, यूनिसेफ प्रतिनिधि बेलाल, आशुतोष दत्त मिश्र, संजय कुमार सिंह, मो. नसीम, आनंद मिश्रा, विनय यादव, एएनएम, आशा आदि ने भाग लिया।