विश्व क्षय रोग दिवस पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए गए अभियान में 20 टीबी के नए मरीज पाए गए। विभाग ने इसमें से 19 रोगियों का उपचार नि:शुल्क शुरू कर दिया है।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरजी यादव ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की तरफ से आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की ओर से टीबी मरीजों की खोजने का अभियान 24 मार्च यानी विश्व क्षय रोग दिवस पर शुरू किया गया जो 13 अप्रैल तक चलाया गया। उन्होंने बताया कि इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर-घर जाकर 4,23,614 लोगों की स्क्रीनिंग की। लक्षण वाले 441 व्यक्ति चयनित किए गए और 346 लोगों की जांच की गई। जांच के बाद 20 लोगों में टीबी की पुष्टि हुई 19 मरीजों का विभाग की तरफ से नि:शुल्क इलाज शुरू करा दिया गया है। बताया कि अभियान में कम्यूनिटी हेल्थ ऑफिसर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा संगिनी और आशा कार्यकर्ता के अलावा टीबी चैंपियन जो टीबी को मात दे चुके हैं, उन्होंने घर-घर जाकर लोगों को इस रोग के प्रति जागरूक किया। साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की।