सोनभद्र। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के भगाही गांव में स्थित एक मकान से बरामद 20 घरेलू गैस सिलिंडर की जांच पूरी हो गई है। आपूर्ति विभाग की टीम ने जांच में पाया कि अवैघ ढंग से गैस सिलिंडरों का भंडारण किया गया था। इस मामले में शनिवार को आपूर्ति निरीक्षक ने एक व्यक्ति के खिलाफ नामजद तहरीर पुलिस को दे दी है।
तीन दिन पूर्व गोंडा जिले के वजीरगंज क्षेत्र के टिकरी गांव में सिलेंडर ब्लास्ट होने से दो 8 लोगों की मौत और 6 लोगों गंभीर रूप से घायल होने के बाद जिले में आपूर्ति विभाग सतर्क हो गया है। घरेलू गैस सिलेंडरों की जमाखोरी करने वालों के विरूद्घ कार्यवाही शुरू कर दी है। जिलापूर्ति आधिकारी ने आपूर्ति निरिक्षको की अगुवाई में छह टीमें गठित कर दी है। टीमें अपने अपने क्षेत्र में गैस सिलेंडर की जमाखोरी करने वालोँ की तलाश में जुट गई है। इसी क्रम में तीन जून को डीएसओ को सूचना मिली कि ग्राम पंचायत भरकना के राजस्व ग्राम भगाही में सिलिंडर एकत्र कर कालाबाजारी की जा रही है। डीएसओ ने प्राप्त सूचना की जांच के लिए अरुण प्रकाश यादव क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, अभिषेक कुमार सुमन पूर्ति निरीक्षक घोरावल एवं शशिकांत मौर्य पूर्ति निरीक्षक रावट्र्सगंज को मौके पर भेजा। पूर्ति विभाग की मानें तो जांच के दौरान एक मकान में विभिन्न कंपनियों के भरे, खाली करीब 20 सिलेंडर मिले। मकान मालिक ने बताया कि उसका बेटा उपभोक्ताओं के खाली सिलेंडरों को लेकर एजेंसी से भरवा कर उनके यहां पहुंचाता है। इसके एवज में उसे मेहनताना के रूप में कुछ रुपये मिल जाते है। हालांकि यह नियम विरूद्व नहीं है। टीम ने सभी सिलेंडरों को गैस एजेंसी घोरावल के संचालक की सुपुर्दगी में दे दिया। जिलापूर्ति अधिकारी डॉ. राकेश तिवारी ने बताया कि सिलेंडरों की जमाखोरी करने वालेे के खिलाफ घोरावल कोतवाली पुलिस को तहरीर दे दी गई है। टीमें लगातार छापेमारी कर रही है।