सोनभद्र। जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल ने बताया कि 18 मई को सुबह से मतदान कराने के लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी की तैयारी पूरी कर ली गई है। अबकी बार मतदान कार्मिकों को बस व छोटे वाहनों से मतदान कराने के लिए भेजा जाएगा।
डीएम ने बताया कि जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्थायी निगरानी टीम, एफएसटी के साथ ही चुनाव व्यवस्थाओं के लिए करीब तीन सौ छोटे वाहनों को इस्तेमाल किए जा रहे हैं। जिले के चारों विधान सभा क्षेत्रों के 939 मतदान केंद्रों के एक हजार 475 स्थलों के मतदान के लिए 1475 पीठासीन अधिकारी, 1475 मतदान अधिकारी प्रथम, 1475 मतदान अधिकारी द्वितीय व 1475 मतदान अधिकारी तृतीय यानी कुल पांच हजार 900 मतदान कार्मिकों की व्यवस्था की गई है। उन्हें करीब पांच सौ बसों व दो सौ हल्के वाहनों के माध्यम से मतदान केंद्रों पर पहुंचाया जायेगा और मतदान के बाद उसी वाहनों से वापस भी लाया जाएगप।
मतदान कार्मिकों के लिए विधान सभावार वाहनें राजकीय पालीटेक्निक कालेज लोढ़ी के सामने खाली मैदान में खड़ी की गई हैं। वाहनों पर विधान सभा तथा पोलिंग पार्टियों की कोडिंग भी की गई हैं। डीएम ने मतदान अधिकारियों को सूचित किया है कि वे बसों व हल्के वाहनों से ही राजकीय पालीटेक्निक कालेज लोढ़ी से प्रस्थान करेंगे। किसी भी कार्मिक को मतदान कराने के लिए ट्रक से नहीं भेजा जाएगा। उन्होंने कहा है कि प्रभारी अधिकारी यातायात किसी भी हाल में मतदान कार्मिकों को ट्रक से नहीं भेजेंगे। डीएम ने प्रभारी अधिकारी यातायात को निर्देश दिया है कि पोलिंग पार्टियों से समन्वय स्थापित कर सुगमता के साथ वाहनों को उपलब्ध कराते हुए समय से रवाना करना सुनिश्चित करेंगे।