सोनभद्र। घोरावल एवं आसपास क्षेत्रों में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर बगैर पंजीयन कराए संचालित हो रहे तीन क्लीनिक सील किए। जबकि मानकों की अनदेखी कर चल रहे पांच क्लीनिकों के संचालकों को नाटिस जारी किया है।
बताते चलें कि पिछले तीन दिनों से जिले में अवैध और मानकों की अनदेखी कर संचालित हो रहे अस्पताल, क्लीनिक और पैथालॉजी सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। शुक्रवार की दोपहर बाद घोरावल कोतवाली क्षेत्र में डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रेमनाथ, मलेरिया इंस्पेक्टर आनंद मिश्रा, वरिष्ठ सहायक सतीश सिंह, प्रमोद ने क्लीनिकों पर पहुंच कर जांच पड़ताल करना शुरू किया। इसकी जानकारी मिलते ही घोरावल कस्बे और आसपास के गांवों में बगैर लाइसेंस के क्लीनिक संचालित करने वाले शटर गिराकर फरार हो गए। सीएमओ डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि टीम ने अंबे क्लिनिक घोरावल, शिव गंगा हॉस्पिटल घोरावल और ओपी मौर्या क्लिनिक घुवास परसौना को सील कर दिया है। इनके अलावा मानकों को दरकिनार कर संचालित हो रही पांच क्लीनिकों को नोटिस जारी की गई है।