सोनभद्र। भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं को चुनाव से संबंधित जानकारी के लिए नेशनल वोटर्स सर्विस पोर्टल (एनवीएसपी) की शुरुआत की है। इस पोर्टल पर सभी वोटरों का नाम दर्ज है। अब कोई भी व्यक्ति घर बैठे वोटरलिस्ट से संबंधित जानकारी ले सकेेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल ने चुनाव से जुड़े अधिकारी और कर्मचारियों को पोर्टल के बारे में प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया है।
लोकसभा चुनाव में जिले में 75 प्रतिशत से अधिक मतदान कराने के लिए जिला प्रशासन ने मतदाताओं को जागरूक करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। प्रतिदिन प्रशासन की ओर से कहीं न कहीं मतदाता जागरूकता कार्यक्रम किया जा रहा है और मतदाता जागरूता रैली भी निकाली जा रही है। इस कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को 19 मई को अपने-अपने पोलिंग बूथों पर जाकर मनपसंद प्रत्याशी के पक्ष मेें मतदान करने के लिए अपील की जा रही है। पेट्रोल पंपों पर मतदाता जागरूकता के बैनर लगाए गए है और पेट्रोल, डीजल लेने वाले वाहनों पर जागरूकता संबंधित स्टीकर भी चस्पा किए जा रहे है। ताकि शत-प्रतिशत मतदाता मतदान कर सकें। अपर जिला निर्वाचन अधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मतदाताओं को वोटरलिस्ट में नाम है या नहीं इसका पता लगाने के लिए कहीं जाने की आवश्यकता नहीं है। भारत निर्वाचन आयोग ने नेशनल वोटर्स सर्विस पोर्टल (एनवीएसपी) का शुभारंभ किया है। इस पोर्टल पर सभी मतदाताओं का नाम अपलोड है। कोई भी व्यक्ति इस पोर्टल को खोलकर अपना नाम किस नंबर पर है और किस मतदेय स्थल पर उसे मतदान करने के लिए जाना है इस बारे में पता कर सकता है। अगर जिसका नाम मतदाता सूची में नहीं है वह अपने बीएलओ से संपर्क कर नाम जुड़वा सकता है। कहा कि 19 मई को मतदान करने के दिन वोटर अपना पहचान पत्र लेकर पीठासीन अधिकारी के पास पहुंचे।