सोनभद्र। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर रविवार को पुलिस लाइन चुर्क के प्रशासनिक सभागार में डीएम और एसपी की अध्यक्षता में मीटिंग हुई। द्वय अधिकारियों ने सभी थाना प्रभारियों को आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और अपराधियों को जिला बदर करने के लिए रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। अपराध पर रोक लगाने में नाकाम कई इंचार्ज निशाने पर भी रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल ने कहा कि निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव को संपन्न कराने के लिए आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। चुनाव को प्रभावित करने वाले व्यक्तियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करें, चाहे वह कितने भी रसूखदार क्यों न हो। कहा कि पुलिसकर्मी किसी के दबाव में आकर कार्य न करें। कहा क्षेत्र में भ्रमण कर वोटरों को निडर होकर मतदान करने के लिए प्रेरित करें। एसपी सलमान ताज पाटिल ने कहा कि अपराधियों एवं उन्हें पनाह देने वाले की शिनाख्त कर उनके खिलाफ कार्रवाई करें। हल्का इंचार्ज, बीट के सिपाहियों को क्षेत्र में भ्रमणशील रहने का निर्देश दें। इसकी मानिटरिंग सभी सर्किल आफिसर करें। कहा कि अपराध पर रोक लगाने में नाकाम थाना प्रभारियों को लापरवाह मानते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एएसपी मुख्यालय ओपी सिंह, एएसपी नक्सल अरुण कुमार दीक्षित, सिटी सीओ अभिषेक सिंह, सदर सीओ राहुल मिश्रा, ओबरा सीओ डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह, पिपरी सीओ ज्ञान प्रकाश राय, दुद्घी सीओ सुनील कुमार विश्नोई आदि मौजूद रहे।