शक्तिनगर (सोनभद्र)। एनटीपीसी सिंगरौली आवासीय परिसर स्थित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में शनिवार को विंध्याचल, सिंगरौली व रिहंद में कार्यरत दिव्यांगों के लिए वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक देवाशीष सेन ने तीनों परियोजना से आए दिव्यांग कर्मचारियों का परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। दिव्यांग कर्मचारियों की रूचि को देखते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं का चयन किया गया। पहली प्रतियोगिता 50 मीटर रेस में रिहन्द विद्युत गृह के रजनीकांत उपाध्याय प्रथम, विंध्याचल के ए एस रावत द्वितीय तथा सिंगरौली विद्युत गृह की शुक्ला हलधर को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। 100 मीटर की रेस में ए के बहेरा विंध्याचल विद्युत गृह को प्रथम, सिंगरौली के विनोद कुमार सिंह को द्वितीय स्थान तथा के एन तिवारी रिहन्द को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। तीसरी प्रतियोगिता बाल थ्रो की करायी गई जिसमें सिंगरौली के चेतराम ने प्रथम स्थान एवं विंध्याचल के कल्याण सिंह द्वितीय स्थान पर रहे तथा विंध्याचल की ही शान्ति सेलवाल तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर विशेष रूप में फुटबाल की प्रतियोगिता खेली गयी जिसमें जितेन्द्र सिंह प्रथम, तथा विंध्याचल के भगत सिंह को द्वितीय एवं सिंगरौली विद्युत गृह के रसायन विभाग में कार्यरत हेमन्त जोशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस प्रकार दिव्यांग कर्मचारियों की प्रतियोगिता के 3 गोल्ड, एम सिल्वर, 3 कास्य सहित 7 मेडल सिंगरौली को प्राप्त हुए है तथा रिहंद विद्युत 2 गोल्ड 2 सिल्वर एवं एक कास्य और विंध्याचल को एक गोल्ड, 3 सिल्वर, 1 कास्य पदक प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का संयोजन गौतम सिंह भाटी द्वारा किया गया। इस अवसर पर एम सी मांझी, पी के बरनवाल, रविंद्र सिंह आदि मौजूद थे।