सोनभद्र । सोनभद्र विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने जिले में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध एवं जनहित की मांगों के समर्थन में शुक्रवार को राबर्ट्सगंज स्थित पुराना चिकित्सालय परिसर में जनहित विरोधियों का पुतला फूंका और नारेबाजी की।
अध्यक्ष ज्ञानेश्वर श्रीवास्तव ने कहा की विगत 11 वर्षों से संगठन जनहित की मांगों को लेकर आंदोलन कर रहा है लेकिन पूर्व की सरकारों द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया गया। ऐसे में केवल भाजपा की योगी सरकार से ही भरोसा है। कहा कि जिला मुख्यालय के नगर राबर्ट्सगंज में 24 घंटे संचालित सिटी हॉस्पिटल खोलने की मांग की गई थी। इसके लिए जिला प्रशासन ने आश्वासन भी दिया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। रेल, डाकघर व अन्य मांगों पर भी ध्यान आकर्षित कराया गया था। युवा सोनभद्र विकास मंच अध्यक्ष प्रांजल श्रीवास्तव, महासचिव सत्येंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से कहा कि सरकारी चिकित्सालयों में चिकित्सकों व अन्य कर्मचारियों की कमी है। जिसका लाभ आम जनता को नहीं मिल रहा है और वह निजी चिकित्सकों से ठगे जा रहे है। धर्मेंद्र पटेल, भरत मौर्या ने जनहित की मांगों को तत्काल पूरा कराने की मांग जिलाधिकारी से की। कहा कि यदि जिला प्रशासन इस मुद्दे पर पहल नहीं करता है तो आगामी 13 नवंबर को बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान ई. शिव प्रसाद यादव, राम भवन, रमेश, परमेश्वर, दिनेश, दिनेश पासवान, विजय, धनेश, मनोज, बृजेश, कृष्णानंद, प्रमोद, रामपूजन, नंदू, रामलाल आदि रहे।