सोनभद्र। सिक्कों की लेनदेन को लेकर आए दिन दुकानदार एवं ग्राहकों के बीच विवाद हो रहा है। कई बैंकों में सिक्का लेने से मना कर दिया जा रहा है। इस नाते दुकानदार भी सिक्का लेने में आनाकानी कर रहे हैं। जबकि आरबीआई ने बैंकों को सिक्का लेने और देने के लिए निर्देशित किया है। एसपी ने सभी थाना, चौकी प्रभारियों को सिक्का लेने से इंकार करने वाले बैंक कर्मी एवं दुकानदारों केे खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
राबर्ट्सगंज के अंबेडकर नगर निवासी मिठाई विक्रेता श्यामसुंदर ने बताया कि उसके पास करीब 90 हजार, दस-पांच के सिक्के पड़े हैं। बैंकों में जाते हैं तो बैंक कर्मी सौ-दो सौ से ज्यादा लेने से मना कर देते हैं। कम्हारी के व्यापारी संतोष केशरी कहते हैं कि बैंकों में सिक्का न लेने की वजह से 50 हजार से अधिक सिक्का उनके पास जमा है। इसी तरह बढ़ौली चौक के समीप स्थित पेट्रोल पंप के कर्मचारी पप्पू ने बताया कि डेढ़ लाख से अधिक सिक्का डंप है। इसी तरह से कई व्यापारियों के यहां दस-पांच के सिक्के लाखों रुपये पड़े हैं। कई बैंकों में सिक्के जमा न होने के कारण अब दुकानदार भी ग्राहकों से सिक्के लेने से मना करने लगे हैं। पुलिस अधीक्षक राम प्रताप सिंह ने कहा कि आरबीआई की ओर से संचालित सिक्कों को लेने से मना करने की शिकायत अगर दुकानदार या बैंक कर्मी के खिलाफ मिलती है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए मातहतों को निर्देशित कर दिया गया है।