शक्तिनगर। एनसीएल में आयोजित अंतर क्षेत्रीय वेट लिफ्टिंग, पावर लिफ्टिंग एवं बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में सर्वाधिक 332 अंक हासिल कर एनसीएल निगाही क्षेत्र तीसरी बार चैंपियन रहा। दूसरे स्थान पर एनसीएल मुख्यालय की टीम रही।
मुख्यालय स्थित अधिकारी मनोरंजन गृह में आयोजित प्रतियोगिता के समापन समारोह में एनसीएल के कल्याण विभाग के विभागाध्यक्ष एसएस हसन बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थे। कार्यक्रम में एनसीएल के स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के सदस्य जोगिंदर सिंह, शिवमुनि सिंह एवं सतेंद्र सिंह के साथ सीएमओएआई मुख्यालय इकाई के सचिव पाणि पंकज पांडे बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित थे। शुक्रवार को शुरू हुई दो दिवसीय प्रतियोगिता में वेट लिफ्टिंग के महिला एवं पुरुष वर्ग और पावर लिफ्टिंग एवं बॉडी बिल्डिंग के पुरुष वर्ग की कुल 32 स्पर्धाओं में एनसीएल के सभी 10 कोयला क्षेत्रों सहित एनसीएल मुख्यालय, नेहरू शताब्दी चिकित्सालय और केंद्रीय कर्मशाला के 82 खिलाड़ियों ने भाग लिया। सभी स्पर्धाओं में सम्मिलित रूप से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सबसे अधिक 332 अंक अर्जित करके निगाही क्षेत्र चैंपियन बना, जबकि मुख्यालय की टीम ने 277 अंक हासिल कर उपविजेता रहा।