सोनभद्र। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) लोढ़ी राबर्ट्सगंज परिसर में शनिवार को रोजगार मेला का आयोजन किया गया। यह रोजगार मेला पं.दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना अन्तर्गत उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन सोनभद्र के तहत आयोजित किया गया।
इसमें अलग-अलग क्षेत्र की कुल 18 प्राइवेट कंपनी के प्रतिनिधि शामिल हुए। रोजगार मेला में कुल 318 अभ्यर्थी प्रतिभाग करते हुए पंजीकरण कराए। कंपनी के प्रतिनिधियों ने युवाओं से साक्षात्कार किया। साक्षात्कार के माध्यम से 184 युवाओं का चयन किया गया। इसके बाद चयनित युवाओं में नियुक्ति पत्र बांटा गया। जन शिक्षण संस्थान की तरफ से भी लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किया गया। मुख्य अतिथि रहे सांसद पकौड़ीलाल कोल ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की सरकार युवाओं को रोजगार देने का काम कर रही है।
उन्होंने नियुक्ति पत्र पाए युवाओं से लगन के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया। आईटीआई के प्रधानाचार्य एवं जिला समन्वयक कौशल विकास मिशन यजुवेन्द्र नाथ ने बताया कि 18 फरवरी को कोन ब्लॉक के कचनरवा स्थित हरिश्चन्द्र डिग्री काॅलेज में रोजगार मेला का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर निशांत ओझा, मनीष कुमार जिला कौशल प्रबन्धक, सेवायोजन विभाग से जितेन्द्र, प्रशिक्षण प्रदाता से सूर्यमणि मिश्रा, दीपक कुमार, मनोहर आदि उपस्थित रहे।