रॉबर्ट्सगंज पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कालेज में यूपी बोर्ड परीक्षा देकर निकलती छात्राएं। संवा
सोनभद्र। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं मंगलवार को जिले के 80 केंद्रों पर हुई। पहली पाली में हाईस्कूल की चित्रकला और रंजन कला विषय में 1819 छात्र-छात्रा अनुपस्थित रहे। इसमें छात्रों की संख्या अधिक रही। दूसरी पाली में इंटर के शिक्षा शास्त्र विषय में परीक्षार्थियों की संख्या कम रही। किसी केंद्र पर कोई नकलची नहीं पकड़ा गया।
पहली पाली की परीक्षा सुबह साढ़े बजे से शुरू हुई। करीब एक घंटा पहले ही परीक्षार्थी केंद्र पर पहुंचने लगे थे। रॉबर्ट्सगंज के आदर्श इंटर कॉलेज केंद्र पर परीक्षार्थियों को गेट पर तलाशी के बाद अंदर प्रवेश दिया गया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज, जय ज्योति इंटर कॉलेज चुर्क सहित अन्य केंद्रों पर भी पूरी सतर्कता बरती गई। पहली पाली में हाईस्कूल की परीक्षा में 22978 छात्र-छात्रा पंजीकृत रहे। इसमें 21159 ने परीक्षा में हिस्सा लिया। अनुपस्थित रहे कुल 1819 अभ्यर्थियों में 1175 छात्र और 644 छात्रा थीं। वहीं पहली पाली में इंटर की परीक्षा में 483 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिसमें 33 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में हुई इंटर की परीक्षा में पंजीकृत 4940 छात्र-छात्राओं में से 257 ने परीक्षा छोड़ी। डीआईओएस जयराम सिंह ने बताया कि सभी केंद्रों पर सकुशल ढंग से परीक्षा हुई। पूरी परीक्षा के दौरान कंट्रोल रूम से केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी गई। सचल दल ने भी विभिन्न केंद्रों का भ्रमण किया।