सोनभद्र। जिले में 54 क्रय केंद्रों पर सोमवार से गेहूं की खरीद शुरू हो गई। लेकिन पहले दिन एक छटाक गेहूं की खरीद नहीं हुई। पूरे दिन केंद्र प्रभारी टकटकी लगाए किसानों का इंतजार करते रहे। डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने नवीन सब्जी मंडी परिसर मेें पीसीएफ के स्थित क्रय केंद्रों का निरीक्षण कर संबंधितों को किसानों को सुविधाएं मुहैया कराने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि पंजीकृत किसानों का गेहूं क्रय करते हुए ऑनलाइन उनका भुगतान किया जाए। किसानों कोई परेशानी हुई तो इसके लिए केंद्र प्रभारियों को जिम्मेदार मानते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिला विपणन अधिकारी को किसानों को अविलंब भुगतान कराने का निर्देश दिया। बताते चले कि जिले मेें गेहूं क्रय करने के लिए पीसीएफ के 36 क्रय केंद्र, मार्केटिग के 12 क्रय केंद्र, पीसीयू और कर्मचारी कल्याण निगम को तीन-तीन क्रय केंद्र बनाए गए है। सोमवार की सुबह आठ बजे से ही सभी केंद्रों पर सचिव गेहूं क्रय करने के लिए बैठ गए थे। लेकिन पूरे दिन एक भी किसान गेहूं लेकर नहीं पहुंचे। जिला विपणन अधिकारी देवेंद्र सिंह ने कहा कि क्रय केंद्रों पर पर्याप्त बोरा, तौल मशीनें उपलब्ध होने के बावजूद पहले दिन एक भी किसान गेहूं विक्रय करने के लिए नहीं पहुंचे थे। कहा कि केंद्रों पर किसानों के लिए पेयजल, बैठने के लिए कुर्सी, दरी आदि की व्यवस्था की गई है।