दुद्धी (सोनभद्र)। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से दुम्हान गांव में हरियाली प्ररेणा महिला ग्राम संगठन के कार्यालय में समूह की महिलाओं का 15 दिवसीय प्रशिक्षण सोमवार से शुरू हो गया। आर्ट ज्वेलरी के गैर आवासीय प्रशिक्षण का शुभारंभ फीता काटकर ब्लॉक एंकर पर्सन जय कुमार जोशी ने किया।
उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए क्षमतावर्धन के ऊपर विशेष रूप से कार्य किया जा रहा है। तरह-तरह के रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए संबंधित क्षेत्रों में महिलाओं को स्किल संबंधित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस 15 दिनों में महिलाओं को कृत्रिम ज्वेलरी, आभूषण बनाने के ऊपर प्रशिक्षण दिया जाएगा। 35 महिलाओं के बैच में दुम्हान से 20, कादल से 10 एवं रजखड़ से पांच महिलाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। इन्हें प्रशिक्षण देने के लिए समूह की महिला ही प्रशिक्षक के रूप में कार्य करेंगी। महिलाओं को प्रशिक्षण देने का काम रेखा देवी एवं किरण देवी कर रही हैं। आजीविका मिशन ने इन दोनों महिलाओं को प्रशिक्षक के रूप में तैयार करने के लिए एनटीपीसी बीना से 33 दिनों का प्रशिक्षण दिलवाने के कार्य किया है। इस मौके पर पीआरपी अजय शंकर झा, मिथिलेश कुमार, सीएलएफ सचिव प्रमिला देवी, बीआरपी सुनीता देवी, सीएलएफ लेखापाल अंजनी शर्मा मौजूद रहे।