रेणुकूट। हिंडालको से संचालित आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कालेज में जूनियर विद्यार्थियों के लिए फैंसी ड्रेस व रैंप वॉक प्रतियोगिता का बुधवार को आयोजन हुआ। यहां शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य रवींद्र सिंह चौहान ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। शिक्षक सुरेश चंद्र सिंह ने प्रधानाचार्य को पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
प्रतियोगिता में करीब 40 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। जहां छात्रों ने विभिन्न वेश-भूषाओं में समाज व देश की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं जैसे वृद्धाश्रम में बुजुर्गों की स्थिति, शौचालय की आवश्यकता, किसानों और जवानों की पीड़ा आदि का अपनी अति सूक्ष्म नाटिकाओं से बखूबी मंचन किया वहीं छात्राओं ने देश के अलग-अलग राज्य के परिधानों की अनुपम छटा बिखेरते हुए रैंप वॉक किया। प्रधानाचार्य ने विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। शिक्षिका सोमा जोशी, स्मिता सिंह, ज्योति मिश्रा, मंजू बाला जिंदल, पुष्पिता पाठक व शिक्षक अब्दुल माजिद खान ने निर्णायक मंडल की भूमिका अदा की। संयोजन शिक्षक सत्येंद्र सिंह, संचालन शिक्षिका पूनम वार्ष्णेय ने किया।