ओबरा। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा में 15 नवंबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। इसे लेकर प्रशासन एवं कालेज प्रशासन भी संजीदा है। सकुशल चुनाव संपन्न कराने को लेकर महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को बैठक हुई। इसमें सदर एसडीएम शादाब असलम, सीओ ओबरा डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह, थाना प्रभारी ओबरा इंस्पेक्टर अभय कुमार सिंह व महाविद्यालय के प्राध्यापक मौजूद रहे। बैठक में छात्र निर्वाचन के संबंध में महत्वपूर्ण बिंदुओं पर निर्णय लिया गया।
निर्वाचन प्रभारी डॉ. राधाकांत पांडेय ने बताया कि छात्र-छात्राओं को मतदान करने के लिए महाविद्यालय से निर्गत ग्रीन कार्ड प्रवेश संस्तुति पत्र लाना अनिवार्य है। वहीं फोटो परिचय के रुप में महाविद्यालय द्वारा निर्गत आई कार्ड या आधार कार्ड, पैन कार्ड लाना अनिवार्य है अन्यथा की स्थिति में मतदान करना संभव नहीं होगा। जिन छात्र-छात्राओं का ग्रीन कार्ड खो गया है, वे 12 नवंबर तक ग्रीन कार्ड बनवा लें। मतदान के दिन छात्र-छात्राएं मतदान करने के बाद महाविद्यालय प्रांगण में अपना समय न देकर तुरंत घर की ओर प्रस्थान करेंगे। महाविद्यालय प्रांगण में छात्र-छात्राओं का मोबाइल प्रतिबंधित है। अन्यथा की स्थिति में पालन न करने पर दंडित किया जाएगा। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया गया कि महाविद्यालय परिसर के चारों तरफ सौ मीटर की दूरी पर वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। सभी छात्र छात्राएं सुरक्षा व्यवस्था को बनाने में अपना सकारात्मक सहयोग प्रदान करेंगे।
सात पदों के लिए 23 प्रत्याशियों ने खरीदे नामांकन पत्र
ओबरा। छात्रसंघ चुनाव को लेकर ओबरा पीजी कालेज में शनिवार को नामांकन पत्रों की बिक्री की गई। जिसमें सात पदों के लिए कुल 23 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदे। अध्यक्ष पद के लिए अभिषेक सेठ, हिमांशु यादव और अभिनेश कुमार यादव ने नामांकन पत्र लिए। उपाध्यक्ष पद के लिए दीपांकर, अक्षय पांडेय, परमेंद्र और दीपक कुमार, महामंत्री पद के लिए सौरभ सिन्हा, सुंदरम मिश्रा, शुभम सिंह पटेल, पुस्तकालय मंत्री के लिए करिमल जमा अंसारी और दीपू शर्मा ने नामांकन पत्र लिए। वहीं, संकाय प्रतिनिधि में कला के लिए राजू, शुभम मिश्रा, पवित्र कुमार जायसवाल एवं राहुल कुमार पांडेय, विज्ञान के लिए धर्मेंद्र कुमार, गिरवर कुमार यादव, आशुतोष कुमार चौबे और आशीष कुमार, वाणिज्य के लिए हरज्योत सिंह मोंगा, अनंतदत्त पाठक और प्रमोद कुमार ने नामांकन पत्र लिए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. राधाकांत पांडेय ने बताया कि रविवार 11 नवंबर को नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। इसी दिन नामांकन पत्रों की जांच एवं वैद्य नामांकन पत्रों की घोषणा की जाएगी। 12 नवंबर को नामांकन पत्र की वापसी, प्रत्याशी योग्यात एवं परिचय सभा एवं प्रत्याशियों के नामों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। 15 नवंबर को प्रात: आठ बजे से दोपहर एक बजे तक मतदान होगा। दोपहर के बाद 15 नवंबर को ही मतगणना एवं परिणाम की घोषणा की जाएगी।