ओबरा। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के गेट पर शनिवार को छात्रों द्वारा चलाए जा रहे अनिश्चितकालीन धरने के 16वें दिन बुद्धि शुद्धि यज्ञ किया गया। योगाचार्य धनराज सिंह ने छात्रों को मंत्रोच्चारण कराते हुए कॉलेज प्रशासन के सद्बुद्धि की कामना ईश्वर से की।
हिमांशु यादव ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को कालेज प्रशासन द्वारा नजर बंद कर दिया गया है। छात्र हितों को लेकर बैठे छात्रों के प्रति कोई भी प्रशासनिक अधिकारी संवेदनशील नहीं है। शुभम पटेल ने आरोप लगाया कि छात्र-छात्राओं के द्वारा अदा किए गए लाखों रुपये को सेंध लगाने का काम कॉलेज प्रशासन कर चुका है, जिसकी वजह से कॉलेज प्रशासन जवाबदेही तय करने से कतरा रहा है और विश्वविद्यालय प्रशासन को गुमराह करने में लगा हुआ है। दीपू शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रशासन के जिम्मेदारों की सद्बुद्धि के लिए बुद्धि शुद्धि यज्ञ करके छात्र हितों के लिए जागृत करने का प्रयास किया जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन को अपने विवेक का प्रयोग करते हुए यथास्थिति को संज्ञान में लेना चाहिए जिससे कॉलेज प्रशासन में व्याप्त व्यापक भ्रष्टाचार का खुलासा हो सके और पठन पाठन सुचारु रुप से संचालित हो। यज्ञ में परमेंद्र यादव, सूरज सिंह, अनंत पाठक, सचिन मौर्य, अभिषेक गुप्ता, समीर कुमार, दीपक केशरी, शुभम मिश्रा, दिनेश पटेल, नसरूदीन, रविकांत आदि शामिल रहे।