अनपरा। म्योरपुर ब्लाक के कुलडोमरी ग्राम पंचायत में स्थित लोझरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ताला लटक रहा है। यहां न तो डॉक्टर आ रहे और न ही फार्मासिस्ट। इसका खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। संक्रामक रोगों से बीमार मरीज झोलाछाप चिकित्सकों की शरण में जाने के लिए विवश हैं।
लोझरा पीएचसी पर एक सप्ताह से ताला लटक रहा है। इससे बरसात में संक्रामक रोगों के शिकार मरीज झोलाछाप डाक्टरों से इलाज कराने के लिए विवश हैं। लोझरा गांव के मनोज कुमार भारती, पकालू खरवार, रामविलास पनिका, रामअवध का आरोप है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से चिकित्सक नदारद हैं। फार्मासिस्ट के बदौलत चल रहे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक दवाओं का अभाव है। बिना चिकित्सक के स्वास्थ्य केंद्र सफेद हाथी साबित हो रहा है। विगत एक सप्ताह से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ताला लटक रहा है। बरसात के मौसम में लोग स्वास्थ्य केंद्र का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार नदारद हैं। भाठ क्षेत्र में पहले से ही मूलभूत सुविधाओं का टोटा है। ऐसे में स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना होने से लोगों में बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने की आस जगी थी। लेकिन अधिकारियों की उदासीनता के कारण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। उल्टी, दस्त, बुखार आदि के मरीज प्रतिदिन केंद्र का चक्कर लगा रहे हैं और ताला देख वापस लौट रहे हैं। बीमारी में लोगों को झोलाछाप डाक्टरों से इलाज कराना पड़ रहा है। लोगों ने इस पर कार्रवाई की मांग की है।