सोनभद्र। कोतवाली पुलिस ने बगैर परमिट के पकड़े गए गिट्टी लदे ट्रक के चालक एवं मालिक के खिलाफ चोरी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को सिटी सीओ विवेकानंद तिवारी के निर्देश पर पुलिस ने ट्रक चालक के साथ बिल्ली-मारकुंडी खनन क्षेत्र के कई क्रशर प्लांट के मालिकों को पकड़ने के लिए छापेमारी की। इससे बिना परमिट के गिट्टी बेचने वाले क्रशर मालिक अपने अपने प्लांट बंद कर फरार हो गए।
दो दिन पूर्व राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ी में स्थित खनिज विभाग के चेकपोस्ट पर चेकिंग के दौरान खनन कर्मियों ने बिना परमिट के ओवरलोड गिट्टी लदे ट्रक को पकड़ कर पुलिस को सुपुर्द कर दिया। इस मामले में पुलिस खनिज मोहर्रिर ब्रम्हानंद तिवारी की तहरीर पर ट्रक के चालक व मालिक के खिलाफ चोरी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मंगलवार की दोपहर बाद डाला पुलिस चौकी क्षेेत्र के बिल्ली में फोर्स के साथ राबर्ट्र्सगंज कोतवाली के एसएसआई शमशेर यादव ने ट्रक चालक की निशानदेही पर कई क्रशर प्लांटों पर छापेमारी की। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले क्रशर मालिक चले गए थे। समाचार लिखे जाने तक छापेमारी चल रही थी। सिटी सीओ विवेकानंद तिवारी ने बताया कि बिना परमिट के जिस क्रशर प्लांट से गिट्टी लोड हुई उन मालिकों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। कहा कि दोषी क्रशर मालिकों को बख्शा नहीं जाएगा।