सोनभद्र। दुर्व्यवस्थाओं को दूर करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर राबर्ट्सगंज रेलवे स्टेशन पर सपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। चेताया कि अविलंब स्टेशन पर यात्रियों को शुद्ध पेयजल, साफ-सफाई, रोशनी, बैठने का समुचित इंतजाम नहीं कराया गया तो वृहद आंदोलन करेंगे।
जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि रेलवे प्रशासन की लापरवाही से ट्रेनों मेें यात्रियों को सही ढंग से भोजन और पानी नहीं मिल रहा है। घंटों विलंब से ट्रेनें स्टेशन पर पहुंच रही है। इसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। राबर्ट्सगंज खैराही समेत अन्य स्टेशनों पर यात्रियों को पीने के लिए शुद्ध पेयजल, बैठेने के लिए बेंच, रोशनी नहीं है। रात में स्टेशनों के आसपास अंधेरा रहता है। ऐेसे में यात्रियों को स्टेशन आने और जाने में भय बना रहता है। नगर सचिव मनीष त्रिपाठी ने कहा कि स्टेशनों पर बने शौचालयों में गंदगी का अंबार लगा है। स्टेशन पर पंखे तक की व्यवस्था न होने से यात्री गर्मी से हलाकान रहते है। स्टेशन के चहुंओर गंदगी फैलने से यात्रियों को संक्रामक रोग की चपेट में आने का खतरा बना रहता है। नगर अध्यक्ष जुनैद अंसारी ने कहा कि रेलवे प्रशासन की लापरवाही से टे्रनों में कई दिनों का बना भोजन यात्रियों को दिया जाता है। मुन्ना कुशवाहा, गुलाम यासीन, सुरेश अग्रहरि, शकील अहमद, संतोष गुप्ता, गोपाल मौर्या, कृपाशंकर चौहान, मोतीलाल कोल आदि मौजूद रहे।