सोनभद्र। जिले की तीनों तहसीलों पर मंगलवार को तहसील समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें कुल 176 शिकायती पत्र पड़े, जिसमें से महज 25 का ही निस्तारण हो सका। शेष 151 मामले संबंधित विभागों को निस्तारण के लिए सौंप दिए गए। डीएम अमित कुमार सिंह ने घोरावल में लोगों की समस्या सुनी और अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप समस्याओं के निस्तारण का निर्देश दिया।
राबर्ट्सगंज तहसील में सदर विधायक भूपेश चौबे, एडीएम उमाकांत मिश्रा, एसडीएम डॉ. अंकुर लाठर ने समस्याएं सुनीं। यहां विधायक ने कुछ अधिकारियों के न आने पर नाराजगी जाहिर की और उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए एडीएम से कहा। यहां कुल 43 मामले आए, जिसमें से आठ मामले निस्तारित हुए। बचे 35 मामलों को जल्द निस्तारित करने का निर्देश एडीएम ने दिया। यहां तहसीलदार नंदलाल सिंह मौजूद रहे। घोरावल: यहां तहसील दिवस की अध्यक्षता डीएम अमित कुमार सिंह ने की। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में कोताही न बरती जाए। उन्होंने ग्राम स्वराज योजना के तहत चयनित 51 गांवों में विकास कार्य कराने, लोगों को सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देने का निर्देश अधिकारियों को दिया। यहां डीएम के अलावा एसपी आरपी सिंह, एसडीएम शादाब असलम ने भी लोगों की समस्या सुनी। कुल 76 शिकायतें आईं जिसमें से दस निस्तारित हो सकीं। इस दौरान सीएमओ एसपी सिंह, बीएसए गोरखनाथ पटेल, डिप्टी कलेक्टर अशोक सिंह, डीपीआरओ आरके भारती, पीडी एनएन मिश्रा, तहसीलदार कड़ेदिन शर्मा, सीओ विवेकानंद तिवारी मौजूद रहे। दुद्धी: तहसील दिवस में सीडीओ रामाश्रय, एसडीएम अतुल वत्स ने लोगों की समस्या सुनी। यहां 57 मामले आए जिसमें से सात का निस्तारण हुआ। 50 मामले लंबित रह गए।