सांगोबांध। ग्राम पंचायत में स्थित धान क्रय केंद्र के गोदाम में गेहूं खरीद कर रखने की जगह नहीं है। उसमें पहले से ही धान खरीदकर रखा गया है। इससे गेहूं की खरीद नहीं हो पा रही है। इससे किसानों में असंतोष है। खरीद कर रखा गया करीब पांच सौ कुंतल गेहूं अब तक गोदाम में नहीं जा सका है।
ग्राम पंचायत सागोबांध में स्थित क्रय केंद्र के सचिव रमाशंकर यादव ने बताया कि सांगोबांध लैंपस पर 18 सौ कुंतल धान खरीद कर गोदाम में रखा गया था। धान की खरीदारी 28 फरवरी को ही बंद हो गई है लेकिन अब तक विभाग की लापरवाही के कारण सागोबांध लैंपस के गोदाम पर धान का बोरा भरा हुआ है। वर्तमान समय में सरकार की मंशा के अनुरूप गेहूं खरीद के लिए आदेश व निर्देश दिए जा चुके हैं। केंद्र पर गेहूं खरीदारी का बोर्ड भी लगा दिया गया है। करीब पांच सौ कुंतल गेहूं भी खरीदा जा चुका है। लेकिन जगह के अभाव में गेहूं गोदाम में नहीं रखा जा रहा है। गांव से आने वाले किसान जो ट्रैक्टर से गेहूं लेकर आ रहे हैं, लेकिन गोदाम में जगह न रहने के कारण गेहूं बगैर बेचे की लौट जा रहे हैं। खरीद केंद्र प्रभारी खुद किसानों को गोदाम में जगह न होने का हवाला देकर लौटा दे रहे हैं। कानूनगो व क्रय केंद्र के प्रभारी आरिफ अंसारी ने पिछले दिनों निरीक्षण कर गोदाम में रखे धान को हटाने का निर्देश दिया था लेकिन अब तक उनके भी निर्देश का कोई असर नहीं हुआ और स्थिति जस की तस है। क्षेत्र के किसानों नारायण प्रसाद, ओमप्रकाश, राजेश, रामदेव, रामज्ञान, नंदलाल का कहना है कि क्रय केंद्र पर किसानों का गेहूं नहीं खरीदा जा रहा है। कोई भी अधिकारी इस पर ध्यान नहीं दे रहा है। उधर पीसीएफ के जिला प्रबंधक डी. कुमार ने कहा कि मामला संज्ञान में है। सांगोबांध क्रय केंद्र का धान दो दिन के अंदर उठाकर गोदाम खाली करा दिया जाएगा।