एनसीएल के सीएमडी पीके सिन्हा ने मंगलवार को ब्लाक बी और अमलोरी कोयला क्षेत्र का जायजा लिया। कोयला उत्पादन, बी क्षेत्र के विस्तार स्थल और इससे जुड़े पहलुओं पर अधिकारियों से चर्चा की। साथ ही आवश्यक निर्देश दिए।
नॉर्दर्न कोल फील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) पीके सिन्हा ने सर्वप्रथम ब्लॉक बी के क्षेत्रीय महाप्रबंधक के. चंद्रा से ब्लॉक बी परियोजना के भावी विस्तार योजनाओं पर चर्चा की। ब्लॉक बी वार्षिक कोयला उत्पादन क्षमता को बढ़ाकर आठ मिलियन टन किए जाने से संबंधित विस्तार स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद सीएमडी एवं निदेशक मंडल ने अमलोरी क्षेत्र का दौरा किया और वहां क्षेत्रीय महाप्रबंधक एसके गोमास्ता एवं उनकी टीम के साथ अमलोरी खदान का निरीक्षण किया। वहां ड्रैगलाइन ऑपरेशन का मुआयना किया। उन्होंने अमलोरी खदान में स्थित टाइम ऑफिस पर उपस्थित कामगारों से कल्याणकारी सुविधाओं सहित कामकाज से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर बातचीत की। कंपनी द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं पर खुशी जताते हुए कामगारों ने सुझाव दिए कि यदि अमलोरी में डंपरों की संख्या में और इजाफा किया जाए तो यह परियोजना बड़े लक्ष्यों को आसानी से हासिल कर लेगी। उनके साथ कंपनी के निदेशक (तकनीकी संचालन) गुणाधर पांडेय, निदेशक तकनीकी परियोजना एवं योजना पीएम प्रसाद भी मौजूद रहे। इस दौरान सीएमडी के तकनीकी सचिव पीके बिश्वाल, महाप्रबंधक (सिविल) एके चौधरी, विभागाध्यक्ष आरएंडआर मृत्युंजय मिश्रा तथा कॉरपोरेट प्लानिंग विभाग की टीम भी मौजूद रही।