सोनभद्र (वैनी)। नगवां ब्लॉक के वैनी में स्थित ग्रामीण पेयजल योजना से लोगों को पिछले दो दिनों से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। शुक्रवार को क्षुब्ध लोगों ने पेयजल संयंत्र के पास विरोध प्रदर्शन किया और पानी की आपूर्ति जल्द शुरू कराने की मांग की। वैनी में करीब दो करोड़ 74 लाख रुपये की लागत से पेयजल संयंत्र का निर्माण कई वर्ष पूर्व कराया गया था। इससे वैनी और दुबेपुर के ग्रामीणों को पानी की आपूर्ति की जाती है। लेकिन पिछले दो दिनों से पानी की आपूर्ति ठप है।
भयंकर गर्मी और कड़ी धूप में हैंडपंपों से पानी लेने के लिए लोगों को कतार लगाना पड़ रहा है। जल निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ प्रदर्शन कर ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वैनी की पानी टंकी से कर्मचारियों के लापरवाही से आये दिन सप्लाई बंद हो जाती है। ग्रामीणों ने जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में दिनेश, शंकर विश्वकर्मा, रामबाबू, कृष्ण कुमार, राजू, दीना, रमेश, मुन्ना, जितेंद्र कुमार, विनोद, संजय मौजूद रहे। जल निगम के अधिशासी अभियंता फणींद्र राय का कहना है कि वैनी की पेयजल परियोजना ग्राम पंचायत को हैंडओवर हो चुकी है। अब उसे ग्राम प्रधान को संचालित करना है। जल निगम से कोई वास्ता नहीं है। डीपीआरओ और प्रधान ही इस बारे में बता सकेंगे।