सोनभद्र (अनपरा)। रेणुकूट वन प्रभाग में वन माफिया के रूप में चिह्नित लोगों पर अब गैंगस्टर, गुंडा एक्ट लगेगा। इस बाबत एसडीएम दुद्धी भानु प्रताप सिंह ने डीएफओ रेणुकूट से प्रकरणों की विस्तृत आख्या और स्पष्ट संस्तुति मांगी है। प्रकरण में वन विभाग की तरफ से बसपा के पूर्व मंत्री केएन सिंह यादव और उनके पुत्र एवं पूर्व बसपा विधायक सुनील सिंह यादव पर अनपरा थाने में एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। वहीं शेष तीन के खिलाफ अनपरा, जरहां, म्योरपुर रेंज कार्यालय में केस दर्ज किया गया है।
शासन से जिलों में एंटी भू माफिया समिति गठित कर वन एवं भू माफिया को चिह्नित करने और उनके खिलाफ एफआईआर के साथ ही गैंगस्टर, गुंडा एक्ट में कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी कड़ी में एसडीएम ने डीएफओ से चिह्नित लोगों के खिलाफ अलग-अलग विस्तृत रिपोर्ट और गैंगस्टर एवं गुंडा एक्ट के बावत स्पष्ट संस्तुति मांगी है। इसमें बीजपुर निवासी जमुना प्रसाद पर जरहां रेंज में 75 हेक्टेअर, जोगेंद्रा निवासी पूर्व मंत्री केएन सिंह यादव, उनके पुत्र एवं पूर्व विधायक सुनील सिंह यादव पर अनपरा रेंज में 49.8988 हेक्टेयर, बेलवादह निवासी जिला पंचायत सदस्य बालकेश्वर सिंह पर अनपरा रेंज में 4.5000 हेक्टेअर, कुंडाडीह के प्रधान प्रह्ललाद पर म्योरपुर रेंज में 2.5000 हेक्टेअर वन भूमि पर कब्जा जमाने का आरोप है। उधर, डीएफओ रेणुकूट तुलसीदास शर्मा ने बताया कि एसडीएम द्वारा वन माफिया के रूप में चिह्नित लोगों के खिलाफ गैंगस्टर और गुंडा एक्ट की कार्रवाई के लिए विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है, जिसे तैयार किय जा रहा है। एक दो दिन में पूरी रिपोर्ट गैंगस्टर और गुंडा एक्ट की स्पष्ट संस्तुति के साथ एसडीएम को सौंप दी जाएगी।