विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को जिले की चार विधानसभा सीटों पर 18 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। सदर और दुद्धी विधानसभा क्षेत्र से पांच-पांच तो घोरावल और ओबरा से चार-चार उम्मीदवारों का नामांकन हुआ। घोरावल से भाजपा के अनिल मौर्य ने बुधवार को भी एक सेट में पर्चा जमा किया। चार सीटों के लिए अब तक कुल 23 उम्मीदवारों का नामांकन हुआ है। बृहस्पतिवार को नामांकन की अंतिम तिथि है।
प्रमुख दलों के उम्मीदवारों के नामांकन के चलते बुधवार को सुबह से ही पुलिस-प्रशासन की टीम सुरक्षा को लेकर चौकन्नी रही। कलेक्ट्रेट से थोड़ा पहले ही हाईवे के दोनों लेन पर बैरिकेडिंग की गई थी। प्रत्याशी समर्थकों के हुजूम के साथ जुलूस लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्हें मुख्य गेट पर ही रोक दिया गया। डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मृति द्वार पर तलाशी के बाद सिर्फ प्रत्याशी और प्रस्तावक को ही अंदर जाने की अनुमति दी गई। नामांकन के लिए सपा प्रत्याशी पार्टी के जिला कार्यालय से एक साथ कलेक्ट्रेट के लिए निकले। उनके साथ पार्टी जिलाध्यक्ष विजय यादव सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।
घोरावल से रमेश दुबे, सदर से अविनाश कुशवाहा, दुद्धी से विजय सिंह गोंड और ओबरा से अरविंद उर्फ सुनील कुमार गोंड ने सपा उम्मीदवार के रूप में नामांकन पत्र रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष जमा किया। बसपा के सदर विधानसभा प्रत्याशी अविनाश शुक्ल भी उरमौरा से समर्थकों के जुलूस के साथ नामांकन करने पहुंचे। दुद्धी से हरिराम चेरो और ओबरा से सुभाष खरवार ने बसपा प्रत्याशी के तौर पर नामांकन किया। ओबरा विस क्षेत्र से ही भाजपा के संजीव कुमार गोंड नामांकन के लिए जिलाध्यक्ष अजीत चौबे के साथ पहुंचे। कांग्रेस से सदर विधानसभा क्षेत्र के लिए कमलेश ओझा, घोरावल से विंधेश्वरी सिंह राठौर, दुद्धी से बसंती पनिका और ओबरा से जिलाध्यक्ष रामराज गोंड ने पर्चा भरा। उनके साथ छत्तीसगढ़ सरकार के खाद्य एवं सांस्कृतिक मंत्री अमरजीत भगत और संसदीय सचिव चिंतामणि महाराज, कार्यकारी जिलाध्यक्ष फरीद अहमद सहित अन्य पदाधिकारी रहे। प्रमुख दलों के इन उम्मीदवारों के अलावा बुधवार को नामांकन करने वालों में घोरावल से निर्दलीय सरिता सिंह, राजेश कुमार, राबर्ट्सगंज से विकासशील इंसान पार्टी के रोशन लाल यादव, राष्ट्रवादी पार्टी ऑफ इंडिया से हरेंद्र मिश्र, दुद्धी से आल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के कृपाशंकर, निर्दलीय रामलाल शामिल रहे। इनके अलावा डॉ. अनिल मौर्य ने घोरावल से भाजपा उम्मीदवार के तौर एक अन्य सेट में भी पर्चा भरा।
27 लोगों ने खरीदे 36 नामांकन पत्र
कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार को एक तरफ नामांकन पत्र जमा करने वालों की भीड़ रही तो दूसरी ओर कइयों ने आरओ कक्ष में पहुंचकर पर्चा भी लिया। चार सीटों से 27 लोगों ने कुल 36 नामांकन पत्र प्राप्त किया। घोरावल में नौ लोगों ने 12 नामांकन पत्र लिया तो सदर में नौ नामांकन पत्र इतने की लोगों ने हासिल किया। ओबरा में पांच और दुद्धी में पांच लोगों ने दस नामांकन पत्र प्राप्त किया।
राज्यमंत्री के लिए कुर्सी से खड़े हो गए आरओ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नामांकन के दौरान भी कुर्सी न छोड़कर कुछ रिटर्निंग ऑफिसर चर्चा में आए थे। वहीं बुधवार को ओबरा विस क्षेत्र में राज्यमंत्री का नामांकन पत्र लेने के लिए आरओ का कुर्सी से खड़े होने की खूब चर्चा होती रही। राज्यमंत्री संजीव सिंह गोंड भाजपा उम्मीदवार के तौर पर नामांकन करने दोपहर में पहुंचे थे। उनका नामांकन पत्र लेने के लिए आरओ जैनेंद्र सिंह कुर्सी से उठ खड़े हुए।
नामांकन जुलूसों से जाम हुए मार्ग
एक ही दिन में सभी प्रमुख दलों के उम्मीदवारों के नामांकन के चलते नगर में पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही। समर्थकों की अलग-अलग टोलियों के साथ प्रत्याशी नामांकन करने कलेक्ट्रेट पहुंचे। गाजे-बाजे के साथ निकले लंबे नामांकन जुलूस के कारण नगर की सड़कों पर आवागमन बाधित रहा। कलेक्ट्रेट जाने वाले मार्ग पर उरमौरा में सपा और कांग्रेस कार्यकर्ता तो पुसौली के समीप बसपा के कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय के बाहर सड़कों पर जमे थे। बैंड बाजे पर वह खूब थिरकते रहे। वहीं जुलूस के दौरान नगर में बढ़ौली चौक से सिविल लाइन मार्ग पर भी वाहनों की लंबी कतार से राहगीरों को दुश्वारी झेलनी पड़ी।
कलेक्ट्रेट में नामाकंन करते घोरावल विधान सभा के बसपा प्रत्याशी- हरिराम चेरो- फोटो : SONBHADRA
कलेक्ट्रेट में नामाकंन करते राबर्ट्सगंज विधान सभा के सपा प्रत्याशी- अविनाश कुशवाहा।- फोटो : SONBHADRA
कलेक्ट्रेट में नामाकंन करते ओबरा विधान सभा के सपा प्रत्याशी- सुनील गोंड।- फोटो : SONBHADRA