सोनभद्र। मतदाता जागरूकता अभियान के जिले के ब्रांड अंबेसडर एवं हास्य कलाकार अभय शर्मा ने रविवार को बढ़ौली चौराहे पर लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया।
बताया कि पिछली बार मतदान 57 प्रतिशत हुआ था। इस बार 80 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य रखा गया है लेकिन हम सब का प्रयास 100 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य पाना है ताकि सोनभद्र पूरे देश में सबसे अधिक मतदान करने वाला जनपद बन सके। बताया कि इस बार निर्वाचन आयोग ने दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक बूथ पर व्हील चेयर की व्यवस्था के साथ-साथ उनकी सुविधा के लिए वालेंटियरों को भी लगाया जाएगा। दूर-दराज के मतदाताओं को उनके बूथ तक ले जाने के लिए निर्वाचन आयोग सुविधा भी मुहैया कराएगी। लोकतंत्र में मत, मतदाता और मतदान के महत्व को समझाया। अपील की कि ऐसे सभी लोग जो 18 वर्ष के हो गए हो या जिनका अभी तक मतदाता पहचान पत्र नहीं बना हो, वो तत्काल अपना मतदाता पहचान पत्र बनवा लें। सभी लोग यह संकल्प लें कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए लोकतंत्र के माह पर्व में भागीदार बनें। मतदान कर के ही हम अपने मर्जी की सरकार चुन सकते हैं। इस दौरान आशीष पाठक, बलकार सिंह, रवि मेहता, गुरुविंदर सिंह, अवनीत सिंह, तरनवीर सिंह, विकेश शर्मा, अखिलेश शर्मा, अनुराग पांडेय, धर्मेंद्र श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।