म्योरपुर। आदिवासी बाहुल्य म्योरपुर इलाके में शुक्रवार को दूसरे दिन भी जमकर अबीर-गुलाल उड़े। विभिन्न ग्राम पंचायतों में शुक्रवार को दूसरे दिन भी होली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान लोगों ने मानर की थाप पर नाचते गाते हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से पर्व मनाया। दो दिनों तक मनाए जाने वाले पर्व को लेकर म्योरपुर इलाके में जबरदस्त उत्साह रहा। जगह-जगह लोगों की टोली शुक्रवार को भी होली खेलती नजर आई। बच्चे, बूढ़े व जवान सभी ने शुक्रवार को होली का पर्व मनाया।
म्योरपुर थाना क्षेत्र के बभनडीहा, पतेरीटोला, सुपाचुआ, बलियरी, लीलासी व जामपानी आदि ग्राम पंचायतों में दूसरे दिन भी लोगों ने होली का पर्व धूमधाम से मनाया। शांतिपूर्ण तरीके से लोगों ने विभिन्न टोलियों में मानर की थाप पर कर्मा नेतृत्व करते हुए घर-घर जाकर लोगों के साथ अबीर-गुलाल लगाकर होली का पर्व मनाया। महिलाओं ने भी दूसरे दिन एक दूसरे को रंग लगाकर इस पर्व को धूमधाम से मनाया। इस बार लोगों ने कृतिम रंग का उपयोग न करके पलाश के फूलों को भिगोकर के रंग बनाया। इससे उन्होंने जमकर होली खेली। पलाश के पेड़ों की बहुलता की वजह से इलाके में इसके रंग का प्रचलन है। ग्रामीणों महिपत सिंह, रामशरण, राम सिंह, रामविचार, राम प्रसाद ने बताया कि पूर्वजों के समय से ही दो दिन होली खेलने की परंपरा चली आ रही है।