ओबरा। थाना क्षेत्र के गीता मंदिर के पास एक व्यक्ति ने अपने पोते उमंग (3) पर चाकू से हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गया। परिवार वाले उसे सीएचसी चोपन ले गए जहां से उसे जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया। घायल उमंग की मां पूजा विश्वकर्मा ने बताया कि शुक्रवार को दिन में 12 बजे के करीब जब उमंग सो रहा था, तब उसके दादा जवाहर प्रसाद वर्मा ने उसे चाकू से घायल कर दिया। घायल उमंग वर्मा पुत्र रंजीत वर्मा निवासी ओबरा गीता मंदिर को आनन फानन में परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन लाया गया जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी हालत खराब होने पर उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बतायी जा रही है। ओबरा थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि अभी तक कोई भी तहरीर नही प्राप्त हुई है। घायल के पिता रंजीत वर्मा ने उनसे दूरभाष पर बताया कि उनके पिता की मानसिक हालत ठीक नही है। शुक्रवार को जब वे दवा लेने के लिए वाराणसी गये हुए थे। उसी दौरान यह घटना घट गयी।