सोनभद्र। जिले में लगने वाले लोक अदालत के प्रचार प्रसार और लंबित मुकदमों के निपटारे के लिए मोबाइल वैन की शुरूआत की गई है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला जज ओमप्रकाश त्रिपाठी ने बुधवार को एक दिवसीय विधिक कार्यक्रम के लिए भेजी गई मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वैन ओबरा के कार्यालय एवं सिविल जज जूनियर डिविजन दुद्धी के लिए रवाना की गई। इस दौरान दुद्धी तहसील परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनील सिंह की अध्यक्षता में जागरूकता शिविर का भी आयोजन किया गया।
सचिव ने बताया कि मोबाइल वैन से जिले के चोपन, ओबरा, दुद्धी में आम जनसभा करके लोक अदालतों, विधिक सेवाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। बताया कि आपसी सहमति से वादों के निस्तारण, सुलह समझौता आदि विषयों के बारे में जागरूक किया जाएगा। बताया कि प्रोजेक्टर के माध्यम से सस्ता एवं सुलभ न्याय चला निर्धन के घर जैसे नुक्कड़ नाटकों को दिखाया जाएगा।
इस दौरान प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय यशवंत कुमार मिश्रा, प्रथम अपर जनपद न्यायाधीश जय प्रकाश तिवारी, अपर जनपद न्यायाधीश ओबरा मोहन लाल विश्वकर्मा, अपर जनपद न्यायाधीश एफटीसी सुबोध वार्ष्णेय, अपर जनपद न्यायाधीश एफटीसी विनय कुमार सिंह, द्वितीय अपर जनपद न्यायाधीश संतोष कुुमार गौतम, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नेत्रपाल सिंह, सिद्धार्थ कुुमार, सिविल जज सीनियर डिविजन आदि मौजूद रहे।