दुद्धी। कनहर सिंचाई परियोजना के निर्माण़ में लगी कार्यदायी संस्था की लगातार मिल रही अनियमिताओं की शिकायत पर सोमवार को क्षेत्रीय विधायक हरिराम चेरो और एसडीएम रामचंद्र ने परियोजना स्थल का औचक निरीक्षण किया। जांच में कई अनियमितताएं सामने आई। हालांकि विधायक के जांच के दौरान एसडीएम जरूरी कार्य का हवाला देकर मौके से निकल लिए।
विधायक ने अनियमितताओं पर सिंचाई विभाग व कंपनी के अधिकारियों को फटकार लगाई। एसडीओ खंड तीन एके सिंह ने बताया कि बांध वर्तमान ऊंचाई 246 मीटर के लेबल तक पहुंच चुका है जो नदी के वास्तविक तल से 22 मीटर है। पांच मीटर और ऊंचाई पहुंचने के बाद गेट लगाया जाएगा। विधायक की नजर स्पिल्वे पर कार्य कर रहे मजदूरों पर पड़ी तो वे भड़क गए। मजदूर बिना सेफ्टी बूट के ही कार्य कर रहे थे। प्रोजेक्ट मैनेजर उदय भास्कर रेड्डी ने बताया कि यह जिस क्रशर प्लांट को खोला जा रहा वह खराब है। विधायक ने कंपनी व सिंचाई विभाग के अधिकारियों से कहा कि स्थानीय संसाधनों का दुरुपयोग और व्यवसाय तथा नियम विरुद्ध प्लांटों का संचालन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एक एनओसी पर तीन क्रशर प्लांट चलाना गलत है। विधायक ने कहा कि इन प्रकरणों की जानकारी 12 तारीख को मुख्यमंत्री को दी जाएगी। जांच के दौरान श्यामबिहारी, रवि कुमार, विधायक पुत्र रंगराजन चेरो, लालबाबू व अवर अभियंता डीके कौशिक मौजूद रहे।