सोनभद्र। जिला पंचायत अध्यक्ष के उप चुनाव के लिए सोमवार से नामांकन होगा। इसको लेकर जिले भर में चुनावी सरगर्मी बढ़ गई है। जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए कलेक्ट्रेट स्थित डीएम न्यायालय में 12 मार्च तक नामांकन होगा। 15 मार्च को पर्चा वापसी होगी तथा 19 मार्च को मतदान के बाद मतगणना होगी। उधर अगला जिला पंचायत अध्यक्ष कौन होगा, को लेकर चर्चा होने लगी है, वहीं राजनीतिक पुरोधा भी जोड़-तोड़ में जुट गए हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष रहे अनिल यादव के विरुद्ध 33 सदस्यों में से 25 ने 12 अक्तूबर 2017 को हुए अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया था। इसकी वजह से अध्यक्ष पद की कुर्सी छिन गई। जिला मजिस्ट्रेट पीके उपाध्याय के न्यायालय कक्ष में पांच मार्च से 12 मार्च, तक जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया जाएगा। 15 मार्च को पर्चा वापसी होगी तथा 19 मार्च को सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान उसके बाद मतगणना होगी। नामांकन पत्र सामान्य वर्ग के लिए एक हजार 500 रुपये तथा आरक्षित वर्ग के लिए 750 रुपये एवं जमानत धनराशि सामान्य वर्ग के लिए 10 हजार रुपये एवं आरक्षित वर्ग के लिए पांच हजार रुपये होगी। उम्मीदवारों के लिए चार लाख रुपये व्यय करने की सीमा निर्धारित है।