सोनभद्र। उत्तर प्रदेश विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन वाराणसी खण्ड स्नातक की प्रेक्षक धनलक्ष्मी के ने जिले का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने चुनाव के तैयारियों की समीक्षा की। प्रेक्षक को डीएम एस. राजलिंगम, एसपी आशीष श्रीवास्तव और एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह ने स्नातक व खंड शिक्षक चुनाव के तैयारियों की बिंदुवार जानकारी दी। स्नातक एमएलसी चुनाव में 16432 मतदाता मतदान क रेंगे।
डीएम ने मतदाताओं की संख्या, पोलिंग स्टेशनों की तैयारी, मतदान कार्मिकों की नियुक्ति प्रशिक्षण, पार्टी रवानगी रूट, मतदान के दिन वीडियोग्राफी, वीडियोग्राफी, वेबकास्टिंग व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, सामग्रियों की व्यवस्था, उड़नदस्ता, निगरानी टीम, पार्टी रवानगी व्यवस्था, मतदान के बाद मतपेटिकाओं को वाराणसी ले जाकर जमा कराने की व्यवस्था की विस्तार से जानकारी दी। डीएम ने बताया कि जिले में वाराणसी खण्ड स्नातक व शिक्षक स्नातक के चुनाव की तैयारियां कर ली गयी है। उन्होंने बताया कि 30 नवंबर को सुबह आठ बजे से जिले के मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना की जायेगी। उन्होंने बताया कि एक दिसंबर को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। मतगणना वाराणसी में तीन दिसंबर को होगी। उन्होंने बताया कि वाराणसी खण्ड स्नातक के लिए जिले में कुल 16 हजार 432 मतदाता हैं, जिनमें 11 हजार 291 पुरूष और 5 हजार 141 महिला मतदाता हैं। जिले में 25 मतदान स्थलों के लिए 12 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। वाराणसी खण्ड शिक्षक चुनाव के लिए जिले में 1193 मतदाता हैं, जिसमें 947 पुरूष व 246 महिला शिक्षक मतदाता हैं। जिनका चुनाव नौ मतदान स्थलों के लिए नौ मतदान केन्द्रों पर होगा। मतदान कार्य के लिए कुल 38 पीठासीन अधिकारियों और 114 मतदान अधिकारियों की व्यवस्था की गयी है। मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त, सकुशल सम्पन्न कराने के लिए चार जोन व बारह सेक्टरों में बाटा गया है। उन्होंने बताया कि सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए जिला कन्ट्रोल रूम बना है जिसका दूरभाष नंबर- 05444- 223676 व 05444-223677 है।
-----------------------------------
इनसेट:
मतों की गिनती तीन को वाराणसी में होगी
सोनभद्र। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि वाराणसी खण्ड स्नातक, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना स्थल का अनुमोदन प्रदान करते हुए तीन दिसम्बर को सुबह आठ बजे से मतों की गिनती होगी। मतगणना उत्तर प्रदेश राज्य भण्डार गृह लाल बहादुर शास्त्री कृषि उत्पादन मण्डी समिति पहड़िया वाराणसी में संपन्न होगी।