चुर्क (सोनभद्र)। नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सड़कों किनारे फैले कूड़े और बजबजाती नालियों से निकल रही दुर्गंध ओडीएफ की पोल खोल रही है। इसके विरोध में बृहस्पतिवार को नगरवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। नपं पर मनमाने ढंग विकास कार्य कराने का आरोप लगाया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि चुर्क-गुुर्मा नगर पंचायत के वार्ड एक, चार, पांच और छह समेत अन्य वार्डों में चहुंओर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। लेकिन कोई अधिकारी जांच के लिए आता है तो सफाई करा दी जाती है। कहा कि कई जगहों पर नालियों की साफ-सफाई न होने से नाबदान का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। उक्त पानी से निकलने वाले दुर्गंध से लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। कई बार सफाई कराने के लिए नपं दफ्तर में पत्रक दिया गया है, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। उधर, सभासद सुषमा जयसवाल, पूजा गुप्ता, अशफाक कुरैशी ने कहा कि बोर्ड की बैठक में नालियों को ढंकने एवं साफ-सफाई कराने के लिए प्रस्ताव दिया जाता है। लेकिन कार्य नहीं कराया जा रहा है। प्रदर्शन में रामप्यारे, बसावन गुप्ता, संजय पटेल, पुनवासी कन्नोजिया, मुन्ना, विवेक, बिजेंद्र, अभिषेक, बचाऊ आदि शामिल रहे। नपं के अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि विकास कार्य कराने के लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है। वार्डों में साफ-सफाई कराई जा रही है। अगर कहीं गंदगी होगी तो उसे साफ कराया जाएगा।